देश में मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिखाई दे रहा है, खासकर मई की शुरुआत के बाद से कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया है और आज भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
दिल्ली में 5 और 6 मई को आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। 7 मई को भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद दिल्ली का मौसम साफ हो जाएगा। मौसम विभाग ने 4 मई को बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है, साथ ही इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
6 मई तक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आंधी चलने की संभावना है। 4 से 9 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश में बिजली कड़कने, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। राजस्थान के कुछ स्थानों पर भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का भी अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 5 मई को धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। 6 और 7 मई को राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है।
गोवा और महाराष्ट्र में तेज हवाएं
अगले सात दिनों के दौरान कर्नाटका, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 5 और 6 मई को कर्नाटका में ओलावृष्टि हो सकती है। 5 से 8 मई के बीच असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। 8 मई तक गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र में तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
तापमान में कोई खास बदलाव नहीं
5 और 6 मई को गुजरात और 7 मई को मध्य महाराष्ट्र में ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों में तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अगले चार दिनों में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।