उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा-बसारथपुर के पास वाराणसी–गोरखपुर फोरलेन पर शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मऊ की ओर से आ रही एसयूवी अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक ही परिवार के सदस्य शामिल हैं, जो रांची में बेटी की शादी संपन्न कराकर गोरखपुर लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। साथ ही ट्रेलर को जब्त कर थाने ले जाया गया, जबकि एसयूवी को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
मृतक गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के रानीडीहा निवासी 53 वर्षीय विनय श्रीवास्तव थे, जो अपनी बेटी विमन्सा की शादी के लिए झारखंड के रांची गए थे। उनके साथ उनकी 58 वर्षीय पत्नी अर्चना श्रीवास्तव, 27 वर्षीय बेटा कृतार्थ श्रीवास्तव और अन्य परिजन मौजूद थे। शादी के बाद परिवार गोरखपुर लौट रहा था।
वाहन को बिहार के गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मटीहानी निवासी 28 वर्षीय चालक पुरुषोत्तम कुमार चला रहा था, जबकि दूसरा चालक 20 वर्षीय नितीश पीछे बैठा था। बताया जा रहा है कि देर रात लंबी यात्रा के दौरान चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग फंस गए। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी और पुलिस टीम ने फायर व फॉरेंसिक टीम की मदद से करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को काटकर सभी शव बाहर निकाले।
पुलिस ने बताया कि हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।