जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक अपार्टमेंट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना मुहाना मंडी के पास स्थित ‘घर आंगन’ अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर करीब 2:15 बजे हुई, जहां एक फ्लैट में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आसपास के दो अन्य फ्लैट भी आ गए।

आग लगते ही पूरे भवन में धुआं फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। कई निवासी अपने-अपने फ्लैटों में फंस गए। सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

एसएचओ गुर भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए छठी और उससे नीचे की मंजिलों पर फंसे करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग के कारण बिजली की वायरिंग जल जाने पर एहतियातन पूरे भवन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, ताकि स्थिति और न बिगड़े।

रेस्क्यू के दौरान एक युवक धुएं के कारण सीढ़ियों के पास बेहोश हो गया। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल कान सिंह ने तुरंत उसे कंधे पर उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। कुछ देर बाद युवक को होश आया, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

सूचना पर दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची और एक फायर टेंडर की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि, इस हादसे में एक फ्लैट पूरी तरह जल गया, जबकि दो अन्य फ्लैटों को आंशिक नुकसान हुआ है।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस और प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।