मई महीने की शुरुआत में मौसम ने बड़ा बदलाव दिखाया है। लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन कई जगह यह बदलाव मुसीबत लेकर आया है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में धूल भरी आंधी चल सकती है। राजस्थान में भी 5 मई तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 2 से 4 मई के बीच कुछ स्थानों पर 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आने की संभावना है।
पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब रहने की आशंका
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 6 मई तक तेज हवाएं, गरज और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। खासकर 3 मई को उत्तराखंड में ओलावृष्टि और तेज हवाएं परेशान कर सकती हैं।
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी असर
दक्षिण भारत में अगले छह दिनों तक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसी तरह, पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी 5 मई तक भारी वर्षा और आंधी की चेतावनी दी गई है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
शुक्रवार, 2 मई को देश के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ा रहेगा। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में धूलभरी आंधी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। ओडिशा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी चलने की आशंका बनी हुई है।