चरखी दादरी में दादरी, भिवानी और महेंद्रगढ़ जिले में किसानों के खेतों से कृषि उपकरण चोरी करनेवाले गिरोह के 5 गुर्गाें को दादरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बलकरा बणी में चिड़िया चौकी पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में तीनों जिलों में की गईं 19 चोरियां कबूल की हैं। उन्होंने कोर्ट में पेश कर सामान बरामदगी के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सोमवार दोपहर बाद डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज कुमार ने पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में प्रेस वार्ता की। डीएसपी ने बताया कि पिछले कुछ माह से दादरी जिले में कृषि उपकरण चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय था। एसपी अर्ष वर्मा ने नियमित अंतराल पर दर्ज हो रहीं कृषि उपकरण चोरी के मामलों को त्वरित सुलझाने के निर्देश दिए थे।
धीरज कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देशों का पालन करते हुए चिड़िया चौकी प्रभारी पीएसआई विशाल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चोर गिरोह के पांच गुर्गाें को बलकरा बणी से काबू कर लिया। उनके कब्जे से एक वाहन भी बरामद हुआ जिसमें वो चोरी किया गया सामान ले जाते थे।
डीएसपी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने भिवानी व महेंद्रगढ़ जिले की 11 और दादरी जिले की आठ चोरियां कबूल की हैं। महेंद्रगढ़ और भिवानी पुलिस से संपर्क कर दादरी पुलिस इस तथ्य को क्रॉस चेक करेगी। उन्होंने बताया कि दो दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस आरोपियों से पूछताछ करेगी।
इन 5 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
दादरी पुलिस ने मूलरूप से जींद जिला की धीमान गांव निवासी और फिलहाल भिवानी के कोंट रोड पर रहने वाले जगमिंद्र, कोंट रोड निवासी राकेश, भिवानी के ढाण रोड निवासी अजय, मनोज और अनिल को गिरफ्तार किया है।