गुरुग्राम। बेटे की शादी की तैयारियों के बीच एक पिता की अकस्मात मौत ने परिवार को झकझोर दिया। गुरुवार को गुरुग्राम के बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में 56 वर्षीय व्यक्ति की मृत्यु हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, व्यक्ति को हार्ट अटैक आया, लेकिन होटल के कमरे से सेक्सवर्धक दवाओं के खाली पैकेट मिलने के कारण पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक व्यक्ति सोहना क्षेत्र के एक गांव का निवासी था और वह बुधवार को अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था। महिला ने बताया कि अचानक उसके साथी को सीने में तेज दर्द हुआ। तुरंत उसने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया। मृतक एक लॉजिस्टिक कंपनी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। परिवार ने बताया कि 12 मार्च को उनके बेटे की शादी है और पिता की अचानक मृत्यु से घर में गहरा शोक पसरा है।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और दवाओं के सेवन और हार्ट अटैक के बीच संबंध की पुष्टि करने के प्रयास जारी हैं।