नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को कांग्रेस के सभी विधायकों के साथ अहम बैठक करेंगे। यह बैठक शाम पांच बजे नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में प्रस्तावित है, जिसमें पार्टी के राज्य प्रभारी बी. के. हरिप्रसाद भी शामिल होंगे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य 20 फरवरी से शुरू हो रहे हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के लिए कांग्रेस की रणनीति तय करना है। इस दौरान पार्टी विधायकों के साथ सरकार को घेरने के लिए उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। सभी विधायकों को बैठक की सूचना भेज दी गई है।

गौरतलब है कि पिछले सत्र में कांग्रेस विधायकों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध किया था और कई बार सदन से वॉकआउट भी किया था। युवा विधायकों द्वारा एक जैसी हरी जैकेट पहनकर सदन में पहुंचना भी खासा चर्चा में रहा था।

इसी दिन दोपहर 12 बजे भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने नई दिल्ली स्थित आवास पर लंच मीटिंग भी आयोजित कर रहे हैं। यह आयोजन वह हर साल जनवरी में करते हैं। इस बार भी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ-साथ हरियाणा कांग्रेस के वे नेता भी आमंत्रित किए गए हैं, जिनसे उनके मतभेद रहे हैं।

इसके अलावा, सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित इंडिया गठबंधन से जुड़े कई दलों के प्रमुख नेताओं को भी न्योता भेजा गया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आपसी मतभेदों के बावजूद कौन-कौन नेता इस कार्यक्रम में शामिल होते हैं।