फरीदाबाद। सूरजकुंड मेला में शनिवार शाम लगभग 6 बजे एक झूला तकनीकी खराबी के कारण अचानक टूट गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात निरीक्षक जगदीश ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

हरियाणा पुलिस के डीजीपी अजय सिंघल ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश ने असाधारण साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन किया, और जोखिम भरे हालात में भी उन्होंने लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। डीजीपी ने बताया कि जगदीश के परिवार को पॉलिसी के तहत 1 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता के साथ विभाग द्वारा अन्य लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।

डीजीपी ने कहा कि उनकी बहादुरी और समर्पण हमेशा प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे और पुलिस विभाग के लिए उनका निधन अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

स्वर्गीय निरीक्षक जगदीश के बारे में
दिवंगत निरीक्षक जगदीश मथुरा (उत्तर प्रदेश) के निवासी थे। उनका जन्म 5 मार्च 1968 को हुआ था। वे 31 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन पलवल से सूरजकुंड मेला ड्यूटी हेतु तैनात किए गए थे। अपने कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा और अनुशासन पूरे विभाग में उदाहरण के रूप में जाने जाते थे।

घायलों की जानकारी
दुर्घटना में घायल लोगों में नीलय (सहायक उपनिरीक्षक), विजयपाल (बादशाहपुर), सुनील (आरोहा, महेंद्रगढ़), हर्ष प्रकाश (ग्रेटर नोएडा), प्रशांत (दूबेपुर, राजस्थान), अनिशा (फरीदाबाद), शिवानी (नोएडा) और परविंदर शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार नजदीकी अस्पतालों में जारी है।