हरियाणा में झज्जर में एक फल विक्रेता रेहड़ी वाला थूक लगाकर फल बेचता पकड़ा गया है। मार्केट के व्यापारियों की उसपर नजर पड़ी तो उन्होंने उसकी धुनाई कर दी। मामला झज्जर शहर के थाना के सामने का है। यहां एक मुस्लिम युवक रेहड़ी पर थूक लगाकर सेब बेचते पकड़ा है।
इस घटना के दो दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में युवक व्यापारियों से ऐसा करने पर माफी मांग रहा है। वहीं, दूसरे वीडियो में एक व्यापारी सेब पर थूक लगाने वाले युवक की पिटाई कर रहा है। हालांकि इस मामले की पुलिस को शिकायत नहीं मिली है। मामला तीन दिन पहले का बताया जा रहा है।
दुकानदारों की माने तो सिटी थाने के सामने मुस्लिम युवक मोहम्मद रजा सेब बेच रहा था। मोहम्मद रजा सेब पर थूक लगा रहा था। आसपास के व्यापारियों ने उसे सेब पर थूक लगाते देख लिया। इस पर व्यापारियों ने उसे मौके पर पकड़ लिया। बाद में उसकी एक वीडियो भी बनाई गई, जिसमें वह व्यापारियों से ऐसा करने पर माफी मांग रहा है। इसके चलते उसे छोड़ दिया गया था।
इसके बाद एक और वीडियो भी बुधवार को वायरल हुई, जो 15 अक्तूबर शाम की बताई जा रही है। इसमें एक युवक मोहम्मद रजा की पिटाई कर रहा है। वीडियो में युवक भी कान पकड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सब्जी मंडी का है, जहां से युवक ने सेब खरीदे थे। हालांकि अमर उजाला इन दोनों वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।