राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस के दिग्गज रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री पद की दावेदारी जताई है। सुरजेवाला ने मंगलवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता में बयान देकर मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताई है। सुरजेवाला ने कहा कि अपनी दावेदारी जताना प्रजातंत्र में स्वीकार्य है। वहीं, अपने बारे, शैलजा और हुड्डा पर कहा कि मुख्यमंत्री तो तीनों बनना चाहते हैं, लेकिन यह हाईकमान तय करेगा। मुख्यमंत्री किसे बनाया जाएगा, ये हाईकमान तय करेगा।

बता दें कि उनके बेटे व कैथल विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य सुरजेवाला ने कहा था कि उनकी इच्छा है कि उनके पिता कांग्रेस सरकार बनने पर मुख्यमंत्री बनें। इसके जवाब में रणदीप ने कहा कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा यह हर व्यक्ति की आंकाक्षा है। सुरजेवाला ने कहा कि मैं, कुमारी सैलजा, जो मेरी बड़ी बहन है, चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा सीएम बनना चाहते हैं। हम तीन लोगों के अलावा किसी और साथी का भी यह अधिकार है, यहां प्रजातंत्र है। आखिर में यह निर्णय राहुल गांधी और मल्लिका अर्जुन खड़गे करते हैं, जो निर्णय वह करेंगे, वह हम सभी को स्वीकार होगा।

कुमारी सैलजा को पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा ट्विटर पर बधाई देने पर रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इन बातों में कोई वजन नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री का मैं आदर करता हूं, वह पिता समान हैं, उनकी उम्र की वजह से, पर वे बचकाना बातें कर रहे हैं। कुमारी सैलजा कांग्रेसी थी, हैं और रहेंगी।