प्यार सीमाओं, भाषाओं और संस्कृतियों से परे होता है—इस कहावत को सच कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के देहरा गांव के शीतल चड्ढा और फिलीपींस की मैरीजेन ने। दोनों ने शुक्रवार को हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर एक-दूजे का जीवनभर साथ निभाने का वचन लिया। यह अनोखा विवाह देहरा गांव में पारंपरिक माहौल में सम्पन्न हुआ, जिसमें परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
देहरा निवासी शीतल चड्ढा वर्तमान में अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। इससे पहले वह सऊदी अरब में नौकरी करते थे, जहां उनकी मुलाकात मैरीजेन से हुई। उस समय मैरीजेन एक अस्पताल में नर्स के पद पर थीं। धीरे-धीरे यह मुलाकात दोस्ती में और फिर गहरे प्रेम में बदल गई। छह वर्षों तक एक-दूसरे को समझने के बाद दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया।
भारत में बसेंगी मैरीजेन
शीतल ने बताया कि मैरीजेन का स्वभाव सरल और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मानजनक है। उन्होंने सऊदी अरब की नौकरी छोड़ दी है और अब अपने पति के साथ भारत में ही रहकर नई जिंदगी की शुरुआत करेंगी। विवाह के दौरान उन्होंने पारंपरिक भारतीय परिधान धारण कर सभी का दिल जीत लिया। हल्दी, मेहंदी और फेरे सहित सभी रस्में विधिवत रूप से निभाई गईं।
गांव में चर्चा का विषय बना अंतरराष्ट्रीय विवाह
देहरा गांव में इस विवाह की चर्चा जोरों पर है। ग्रामीणों ने इसे प्रेम, आपसी विश्वास और सांस्कृतिक एकता की मिसाल बताया। यह विवाह न केवल दो व्यक्तियों के मिलन का प्रतीक है, बल्कि भारत और फिलीपींस की संस्कृति के बीच एक सुंदर सेतु भी बना है।
शीतल और मैरीजेन ने विवाह के बाद कहा कि वे भविष्य में दोनों देशों की संस्कृति और परंपराओं को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करना चाहते हैं।