हिमाचल में लगातार बारिश का कहर: भूस्खलन और बाढ़ से सड़कें बंद, बिजली-जल आपूर्ति ठप

हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं। शनिवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 376 सड़कें बंद थीं। वहीं, 524 बिजली ट्रांसफार्मर और 145 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे कई इलाकों में बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित है। मंडी जिले में सबसे अधिक 203 सड़कें, 458 बिजली ट्रांसफार्मर और 44 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। शिमला में भी मौसम खराब बना हुआ है, विशेषकर विकासनगर में टीसीपी कार्यालय के पास भूस्खलन के कारण यातायात ठप रहा।

चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर भूस्खलन, वाहन फंसे
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। मंडी से पनारसा तक के मार्ग पर नौ मील, जागर नाला, पंडोह डैम के पास कैंची मोड़, दयोड़, जोगणी माता मंदिर, दवाड़ा फ्लाईओवर, झलोगी और शनि मंदिर क्षेत्र में मलबा बह रहा है। भारी बारिश के कारण मलबा हटाने का काम अभी शुरू नहीं हो सका है।

सोलन में फोरलेन सड़क का खतरा बढ़ा
पुलिस लाइन सोलन के पास फोरलेन सड़क में फिर दरारें पाई गई हैं। पहले से बंद एक लेन के बाद अब पूरी सड़क गिरने का खतरा बढ़ गया है। निर्माण कंपनी ने कच्ची मिट्टी पर फोरलेन बनाई थी, जिससे यह समस्या शुरू हो गई।

बारिश का दौर 22 अगस्त तक जारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में 22 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। 16 से 19 अगस्त तक कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बीती रात श्रीनयना देवी में 160.6 मिलीमीटर, पालमपुर 101.4, पंडोह 72.4, मंडी 62.4 और अन्य क्षेत्रों में भी पर्याप्त वर्षा दर्ज की गई।

मानसून में अब तक 257 लोगों की मौत
20 जून से 16 अगस्त तक मानसून में प्रदेश में 257 लोग मारे गए, 331 घायल हुए और 37 लापता हैं। इसी दौरान 124 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई। भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने से 2,726 कच्चे-पक्के मकान, दुकानें और 2,157 गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुईं। 1,625 पालतू पशुओं की मौत हुई और कुल आर्थिक नुकसान 2,14,403.32 लाख रुपये हुआ।

युला कंडा में पहाड़ी से गिरे पत्थरों से दो श्रद्धालु मरे
किन्नौर के युला कंडा में जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण मंदिर दर्शन के लिए जा रहे दिल्ली के दंपती श्रद्धालु पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। युला पंचायत की प्रधान अंजू ने पुलिस थाना टापरी को हादसे की जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here