मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में सोमवार दोपहर एक होमस्टे में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के 22 वर्षीय पोते वीर सोरेन की अचानक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, युवक बिस्तर से गिर गया और अस्पताल ले जाते समय उसके मुंह से झाग निकलने लगा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीर अपने मित्र अग्नय वर्मा (उत्तर प्रदेश) के साथ मनाली घूमने आया था और दोनों सिमसा के एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। रविवार को वे सोलंग और सेथन घूमकर लौटे। सोमवार को दोपहर करीब 12:30 बजे लौटने पर वीर सो गया। उठाने पर उसने बताया कि उसके सिर में तेज दर्द हो रहा है। मित्रों ने ब्लिंकिट के माध्यम से दवा मंगाकर दी।
करीब दोपहर 2:30 बजे कमरे में गिरने की आवाज सुनकर वे दौड़े तो देखा कि वीर बिस्तर से नीचे गिरा हुआ था। उसे तुरंत गाड़ी में बैठाकर सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। अस्पताल ले जाते समय उसके मुंह से झाग निकलने लगा। चिकित्सकों ने सीपीआर का प्रयास किया, लेकिन वह बच नहीं सका।
डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि शव को मनाली शवगृह में रखा गया है और परिजनों के आगमन के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।