शिमला: इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला के अटल सभागार में शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में एचपीवी टीकाकरण के राज्य अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शाडिल, स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा और विधायक हरीश जनारथा भी मौजूद रहे।
इस अभियान का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर से किशोरियों की सुरक्षा करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में इसी अभियान का शुभारंभ राजस्थान के अजमेर से किया। राज्य स्तरीय समारोह में आईजीएमसी शिमला की सिस्टर निवेदिता नर्सिंग कॉलेज की प्रशिक्षु परिचारिकाएं, निजी नर्सिंग कॉलेजों की प्रशिक्षु परिचारिकाएं, एमबीबीएस छात्र, आंगनबाड़ी और आशा वर्कर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि अभियान के तहत 13 से 14 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा। उनका कहना था कि अगले 90 दिन में 64 हजार बेटियों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में तीन हजार करोड़ रुपये के बजट के निवेश के बारे में भी उन्होंने जानकारी दी। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पांच मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने की दिशा में भी तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं।