जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के एक दूरस्थ जंगल क्षेत्र में रविवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई।
अधिकारियों के अनुसार, चतरू इलाके के वन क्षेत्र में दो संदिग्ध आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान घेराबंदी करते ही छिपे हुए आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाल लिया।
सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ वाले इलाके में अतिरिक्त जवानों को भेजा गया है और पूरे क्षेत्र को घेरकर सघन तलाशी अभियान जारी है। फिलहाल विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
गौरतलब है कि बर्फ से आच्छादित चतरू के जंगलों में पिछले महीने भी कई बार सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच आमना-सामना हुआ था। उस दौरान एक जवान ने शहादत दी थी, जबकि एक आतंकी को मार गिराया गया था।