जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए जम्मू-कश्मीर प्रशासन में 22 वरिष्ठ अधिकारियों के ट्रांसफर का आदेश दिया। इस बदलाव में प्रदेश के सात जिलों में नए डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किए गए हैं, जबकि तीन IAS अधिकारियों को अन्य प्रदेशों में स्थानांतरित कर उनके विभागों से रिलीव कर दिया गया।
नए डिप्टी कमिश्नर की तैनाती
इस फैसले के तहत आईएएस अधिकारी अथर आमिर उल शफी खान को कुलगाम से बडगाम का डिप्टी कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, कुमार अभिषेक रियासी, डॉ. बिलाल मोहिउद्दीन भट अनंतनाग, मिंगा शेरपा उधमपुर और सैयद फखरुद्दीन हामिद बारामुला के डिप्टी कमिश्नर बनाए गए। शहजाद आलम को कुलगाम और जेकेएएस अधिकारी कृष्ण लाल को डोडा का डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया।
विभागीय अधिकारियों की नई जिम्मेदारी
आईएएस अधिकारी अश्वनी कुमार को पावर डेवलपमेंट विभाग का वित्तीय आयुक्त और खनन विभाग का अतिरिक्त प्रशासनिक सचिव बनाया गया। पर्यटन विभाग के वित्तीय आयुक्त आशीष चंद्र वर्मा को कृषि उत्पादन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। शैलेन्द्र कुमार को कृषि उत्पादन विभाग से वित्त विभाग का वित्तीय आयुक्त नियुक्त किया गया।
सामान्य प्रशासन विभाग के आयुक्त सचिव एम. राजू को स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला, जबकि आर. ऐलिस वाज़ योजना, विकास और निगरानी विभाग की आयुक्त सचिव और सूचना विभाग की अतिरिक्त प्रशासनिक सचिव बनीं।
युवा सेवा एवं खेल विभाग के यशा मुदगल को सहकारिता विभाग का आयुक्त सचिव बनाया गया, और डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी को विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग से युवा सेवा एवं खेल विभाग में स्थानांतरित किया गया। डॉ. पीयूष सिंगला को सूचना प्रौद्योगिकी और लोक शिकायत विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
सहकारिता विभाग की बबीला रकवाल को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का आयुक्त सचिव बनाया गया, जबकि अंजली सहरावत जल जीवन मिशन की मिशन निदेशक और निधि मलिक महानिरीक्षक पंजीकरण के पद पर नियुक्त की गईं।
ओवैस अहमद को कौशल विकास निदेशक, डॉ. सागर डी. दत्तात्रेय को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कश्मीर का निदेशक और आकृति सागर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया। हरविंदर सिंह को रोजगार निदेशक के साथ मिशन यूथ और मिशन युवा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया।
अन्य प्रदेशों में स्थानांतरित अधिकारी
तीन वरिष्ठ IAS अधिकारियों – बसीर उल हक चौधरी, संतोष डा. वैद्य और सैयद आबिद शाह को अन्य प्रदेशों में ट्रांसफर कर उनके विभागों से रिलीव किया गया।
उपराज्यपाल का यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल जम्मू-कश्मीर में शासन-प्रणाली को प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।