एटा। शुक्रवार को जीटी रोड पर स्थित विजय हार्डवेयर स्टोर पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) की टीम द्वारा छापा मारते समय दुकान मालिक विजय जैन को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। गंभीर हालत में परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को गंभीर मानते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अतुल राठी ने बताया कि सुबह सीजीएसटी टीम दुकान पर पहुंची और स्टॉक और अभिलेखों की जांच शुरू की। इसी दौरान विजय जैन को दर्द होने लगा और वह गिर पड़े। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी पहुंच गए। डॉक्टरों ने बताया कि जैन की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया।
CGST टीम ने अपनी जांच जारी रखी। छापेमारी के दौरान पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें सीओ यातायात संजय सिंह, सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाहा और कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह शामिल थे।