लखनऊ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जानकारी दी है कि उत्तर प्रदेश ने शिकायत सेवा पोर्टल (एनजीएसपी) में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, ''बुक ए कॉल विद बीएलओ'' सुविधा के अंतर्गत कॉल निस्तारण में प्रदेश को पूरे देश में दूसरा स्थान मिला है।

कॉल निस्तारण की प्रक्रिया

रिणवा ने बताया कि सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि बुक की गई कोई भी कॉल 48 घंटे से अधिक लंबित न रहे। अनुपलब्ध कॉल का प्रतिशत कम करने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों को आवेदक से संपर्क करने का अधिक से अधिक प्रयास करना अनिवार्य है।

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अवधि में अब तक प्रदेश के 5.74 लाख मतदाताओं ने बीएलओ से बातचीत के लिए इस सुविधा का उपयोग किया। इनमें से 5.44 लाख (95 प्रतिशत) मतदाताओं को बीएलओ ने समय पर कॉल कर संपर्क किया। वर्तमान में केवल 0.26 प्रतिशत कॉल के अनुरोध लंबित हैं।

एनजीएसपी पोर्टल पर शिकायतों का निस्तारण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग ने निर्वाचन संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल (एनजीएसपी 2.0) संचालित किया है। इस पोर्टल के माध्यम से मतदाता अपनी शिकायतें दर्ज कर ट्रैक कर सकते हैं। अब तक 83,214 शिकायतें पोर्टल पर प्राप्त हुईं, जिनमें से 81,721 (98.21 प्रतिशत) शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जा चुका है।

बुक-ए-कॉल विद बीएलओ की सुविधा

बुक-ए-कॉल विद बीएलओ सुविधा के जरिए कोई भी मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी से सीधे बातचीत करने के लिए कॉल बुक कर सकता है। इस सुविधा का लाभ voters.eci.gov.in पोर्टल और ECINET एप के माध्यम से उठाया जा सकता है।