मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार के दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। प्रधानमंत्री से पहले शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ पहुँचेंगे और सभास्थल सहित अन्य तैयारियों का जायजा लेंगे। उनके निरीक्षण के बाद सभी इंतजामों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दौरान सभास्थल, मंच व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा घेरा, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट की रूपरेखा का निरीक्षण करेंगे। अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए गए हैं कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएँ। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

शहर में प्रमुख मार्गों की बैरिकेडिंग, चेकिंग अभियान और ट्रैफिक डायवर्जन प्लान पर काम तेज कर दिया गया है। सभास्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बिजली और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

डीएम का बयान

डीएम डॉ. वी.के. सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर दो बजे मेरठ पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे। सुरक्षा और यातायात से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी और प्रशासन प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की जानकारी देंगे।

रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी 22 फरवरी को मेरठ में रैपिड रेल के मोदीपुरम कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। उनके दौरे को लेकर एसपीजी कमांडो पहले ही डेरा डाल चुके हैं। मोहिउद्दीनपुर में जनसभा स्थल, शताब्दीनगर और मेरठ साउथ मेट्रो स्टेशनों के अलावा हेलिपैड का भी निरीक्षण किया गया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में पूरी तरह मुस्तैद हैं।