जम्मू। श्रीमाता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में अब आस्था, संस्कृति और आधुनिक प्रस्तुति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। माता वैष्णो देवी को समर्पित एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का आध्यात्मिक एवं शक्ति संग्रहालय स्थापित करने की योजना को श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रारंभिक रूपरेखा एशियन हेरिटेज फाउंडेशन के सहयोग से तैयार की गई है।
प्रस्तावित संग्रहालय कटड़ा के नटाली क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जिसे धार्मिक आस्था के साथ-साथ शिक्षा और सांस्कृतिक अध्ययन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की योजना है। यह संग्रहालय आधुनिक तकनीक से युक्त होगा, जहां लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से पौराणिक कथाओं और देवी शक्ति की विरासत को जीवंत तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। बोर्ड का लक्ष्य है कि इस परियोजना का कार्य आगामी महीनों में शुरू कर दो वर्षों के भीतर पूरा कर लिया जाए।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित श्राइन बोर्ड की बैठक में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य माता वैष्णो देवी धाम और उसके आसपास के क्षेत्र को देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख आध्यात्मिक गंतव्य के रूप में विकसित करना है।
बैठक में तीन नई प्रमुख पहलों को स्वीकृति दी गई मां शक्ति की आध्यात्मिक परंपरा पर आधारित अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय, अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो और माता वैष्णो देवी धाम पर केंद्रित एक वृत्तचित्र का निर्माण।
युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार की पहल
श्राइन बोर्ड ने रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्णय लिया। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निशुल्क नीट कोचिंग सेंटर स्थापित करने को भी मंजूरी दी गई।
यात्रा मार्ग पर कार्यरत सेवा प्रदाताओं, विशेषकर घोड़ा-खच्चर संचालकों के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनर्वास योजना को चरणबद्ध ढंग से लागू करने का फैसला किया गया। साथ ही तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ाने और यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए एक विशेष समिति का गठन भी किया गया है।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
बोर्ड ने यह निर्णय लिया कि माता के प्रसाद और अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीद में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं और युवा उद्यमियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे न केवल स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कटड़ा शहर के विकास को लेकर उपराज्यपाल सिन्हा ने कहा कि श्राइन बोर्ड का प्रयास है कि कटड़ा को स्वच्छ, आधुनिक और मजबूत बुनियादी ढांचे वाला शहर बनाया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
सुरक्षा, खेल और पर्यावरण पर भी फोकस
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीमा कवर की राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये प्रति यात्री करने को मंजूरी दी गई। साथ ही जम्मू क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी पहल करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में भवान से निकास मार्ग, न्यू वैष्णवी भवन, सांजीछत से भवान तक यात्रा मार्ग के चौड़ीकरण, ढलान स्थिरीकरण, कटड़ा में श्री शंकराचार्य जी मंदिर, जम्मू के चैतन्य आश्रम में दिव्यांगजनों के लिए विद्यालय सहित कई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सभी कार्यों को तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
हरित कटड़ा की दिशा में कदम
श्राइन बोर्ड ने वर्ष 2026–27 के लिए व्यापक वार्षिक हरित योजना को मंजूरी दी, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ कटड़ा पर विशेष जोर दिया गया है। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को पर्यावरणीय प्रतिबद्धताओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा रियासी और उधमपुर जिलों में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त स्कूलों के नवीनीकरण, भवान में ध्यान केंद्र की स्थापना, गुरुकुल, अस्पताल, खेल परिसर और नर्सिंग कॉलेज को अनुदान सहायता देने जैसे प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।
बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने कई नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी और कटड़ा में नव-निर्मित कॉटेजों का उद्घाटन किया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए नए स्वरूप के निशुल्क पाउच प्रसाद की शुरुआत भी की गई।