जल शक्ति विभाग के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही। इससे कस्बे के कई वार्डों में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। लोगों ने निजी टैंकर मंगवाकर हलक तर किए। कुछ वार्डों में गंदा पानी आया, जिससे लोग परेशान रहे। जल शक्ति विभाग के 1200 से अधिक दैनिक वेतन भोगी अपनी मांगों को लेकर गत 20 मार्च शाम आठ बजे से काम छोड़ो हड़ताल पर हैं।
पहले उन्होंने 72 घंटे के लिए हड़ताल शुरू की थी। इस बीच जम्मू में सचिवालय का घेराव करने जाते पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं। इस पर संगठन ने अपनी हड़ताल को 72 घंटे के लिए और बढ़ा दिया। इस कारण कई वार्ड सोमवार को भी पानी से महरूम रहे। कस्बे की वार्ड 13 की कृष्णा ने कहा कि उन्हें गत चार दिन से पानी नहीं मिला है।
वे निजी टैंकरों से पानी खरीद रहे हैं। वार्ड 16 के पूर्व पार्षद उत्तम चंद के अनुसार वार्ड 16, 17 व 15 में गंदे पानी की आपूर्ति की गई। वार्ड 15 के पूर्व पार्षद राज सिंह ने बताया कि उनके मोहल्ले में चार दिन से पानी की आपूर्ति नहीं की गई है। उन्होंने निजी टैंकर से पानी मंगवाया है। उन्होंने जम्मू कश्मीर सरकार से मांग की है कि जल शक्ति विभाग के दैनिक वेतन भोगियों की मांगों को पूरा किया जाए ताकि आम लोगों को पानी की दिक्कतें ना बने। उधर, जल शक्ति विभाग के पास कम संख्या में स्थाई कर्मचारियों होने से एक कर्मचारी को तीन से चार स्टेशनों की जिम्मेवारी दी गई है। इस पर वे भी काफी परेशान हो गए हैं।सोमवार को कस्बे के अधिकतर वार्डों में पानी की आपूर्ति की गई है। प्रयास है कि पानी की किल्लत न बने। स्थाई कर्मचारियों को पंप स्टेशनों पर ही रहने को कहा गया है।