भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए बड़ा आरोप लगाया है। डी. राजा ने कहा कि झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेताओं की खरीद-फरोख्त कर रही है। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर ध्रुवीकरण करने का भी आरोप लगाया है। बता दें कि डी राजा इस साल के अंत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा करने के लिए झारखंड पहुंचे थे।
'बीजेपी सत्ताधारी दलों को बना रही निशाना'
भाकपा नेता ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा और उसके सहयोगी झारखंड में सत्ताधारी दलों को निशाना बना रहे हैं। कामकाज को बाधित करने के लिए जरूरत पड़ती है तो वो सत्ताधारी दलों के नेताओं को अपने पाले में कर लेते हैं। झारखंड में ऐसा हो रहा है। राजा ने आरोप लगाया, घुसपैठ के मुद्दे पर अगर वो गंभीर हैं तो केंद्रीय गृह मंत्री को देश को स्पष्टीकरण देना चाहिए। इसके बजाय वो समुदायों के बीच भ्रम और संघर्ष पैदा करने के लिए कुछ राज्यों को निशाना बना रहे हैं।
'जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र में हारेगी बीजेपी'
उन्होंने कहा, भगवा पार्टी झारखंड में, खासकर संथाल परगना में घुसपैठ बढ़ने का आरोप लगाती रही है। वरिष्ठ भाकपा नेता ने यह भी दावा किया कि भाजपा को आगामी विधानसभा चुनावों में जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और महाराष्ट्र में हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, "जंतर-मंतर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान पहलवानों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह शर्मनाक है। अब, केवल खिलाड़ियों में ही नहीं, बल्कि हरियाणा के लोगों में भी गुस्सा है।"
झारखंड में सभी दलों को करेंगे एकजुट- राजा
डी राजा ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के लोगों में भी नाराजगी है, जो अब केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) झारखंड में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए सभी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक दलों को एकजुट करने की कोशिश करेगी, जो विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के बैनर तले आए हैं, और भाजपा और दक्षिणपंथी ताकतों को सबक सिखाएगी।