झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में बुधवार को गांगटाही पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने मृतकों की पहचान पूनम देवी (पति: श्रीनाथ यादव), जय भगवान यादव (पिता: श्रीनाथ यादव) और अंशिका कुमारी के रूप में की है। हादसे वाली कार में कुल 10 लोग सवार थे, जो सभी पश्चिम बंगाल के कुल्टी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
घायलों में ज्योति कुमारी (24, पत्नी जय भगवान यादव), शुभम यादव (6 वर्ष), अभिराज यादव (10 वर्ष), मृत्युंजय यादव (8 वर्ष), धर्मेंद्र यादव (35, पिता श्रीनाथ यादव) और कौशल्या देवी शामिल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार की तेज रफ्तार और सड़क पर नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ।