झारखंड में आदिवासी किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि गोड्डा जिले में विजयदशमी के दिन मेले से लौट रही किशोरी से तीन बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को पीड़िता अपनी दोस्त के साथ लालमटिया में दुर्गा पूजा मेले से अपने घर लौट रही थी। तभी बदमाशों ने उसे रोक लिया और सागवान भिठा जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। देर रात जब किशोरी अपने घर लौटी तो उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता की मां ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी राकेश टुडू (25), उमेश टुडू (26) और जोहन बेसरा (26) को उनके गांव के बाहरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी यहां मोबाइल फोन में क्रिकेट मैच देखने में व्यस्त थे।