मेरठ से सटे परीक्षितगढ़ क्षेत्र के बहसूमा थाना इलाके के रामराज गांव में दो दिन पहले हुए छह वर्षीय बच्चे अंगदवीर के अपहरण का मामला दर्दनाक मोड़ लेता हुआ सामने आया है। बच्चे का शव नहर से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुआ था अपहरण
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर रामराज गांव में घर के बाहर खेल रहे अंगदवीर को वैगनआर कार सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े अगवा कर लिया था। घटना के बाद परिजनों ने काफी देर तक बच्चे की तलाश की और बाद में पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर खोजबीन में जुट गई थी।
CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई थी। फुटेज में लगभग 11:32 बजे एक वैगनआर कार गांव में प्रवेश करती दिखाई देती है, जिसके बाद आरोपी बच्चे को कार में बैठाकर हाशिमपुर रोड की ओर फरार हो जाते हैं। इसी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाई।
चार घंटे चला था सर्च ऑपरेशन
अनूप शाखा नहर के पुट्टी रेगुलेटर क्षेत्र में मंगलवार को गोताखोरों की टीम ने करीब चार घंटे तक सर्च अभियान चलाया था, लेकिन उस समय कोई सफलता नहीं मिली। बाद में लगातार प्रयासों के बाद बुधवार को बच्चे का शव नहर से बरामद कर लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी, कई पहलुओं पर जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर कोण से जांच की जा रही है। अपहरण के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच तेज कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।