शामली में चर्चित धर्मांतरण मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दवा कारोबारी देवराज मलिक के पुत्र आयुष मलिक से जुड़े तीन नए वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया है। इन वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताते हुए इसे भ्रामक और एआई जनरेटेड बताया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए नए वीडियो

मंगलवार शाम से आयुष मलिक से जुड़े तीन अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में कथित तौर पर आयुष मलिक के बयान दिखाए जा रहे हैं, जिन्हें लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

इस मामले में भाजपा के जिला मंत्री और नगर पालिका शामली के वार्ड 16 के सभासद Anil Upadhyay ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में एसडीपीआई से जुड़े कार्यकर्ता समेत दो लोगों पर एआई जनरेटेड वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है।

फेसबुक और यूट्यूब अकाउंट पर अपलोडिंग का आरोप

शिकायत के अनुसार, आसिफ खान नामक व्यक्ति के फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें आयुष मलिक को एआई जनरेटेड रूप में यह कहते दिखाया गया कि वायरल हो रही तस्वीर असली नहीं है और उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। वीडियो में यह भी दावा किया गया कि वह किसी भी दबाव में इस्लाम नहीं छोड़ेंगे।

जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित फेसबुक अकाउंट कथित रूप से सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) से जुड़ा हुआ पाया गया। इसके अलावा यह वीडियो सोहिल खान नामक यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम पेज पर भी साझा किया गया बताया जा रहा है।

यूट्यूब पर एक अन्य वीडियो में आयुष मलिक के नाम से यह संदेश प्रसारित किया गया कि मुसलमानों को कुरान और हदीस की रोशनी में इस्लाम को समझना चाहिए और केवल लोगों के व्यवहार से धर्म को नहीं आंकना चाहिए।

इसके अतिरिक्त, एक और वीडियो ‘स्टार न्यूज इंडिया’ नामक चैनल पर भी वायरल हुआ है, जिसमें आयुष मलिक को भावुक होकर कथित बयान देते दिखाया गया है।

FIR दर्ज, जांच शुरू

भाजपा नेता का आरोप है कि ये सभी वीडियो एआई की मदद से बनाए गए हैं और इनका उद्देश्य समाज में भ्रम फैलाना तथा तनाव पैदा करना है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आसिफ और सोहिल खान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले भी दर्ज हो चुके हैं मामले

इस प्रकरण से जुड़े भ्रामक वीडियो को लेकर इससे पहले भी शहर कोतवाली में दो अलग-अलग मामले दर्ज हो चुके हैं। एक मामला आयुष मलिक के पिता देवराज मलिक की शिकायत पर दर्ज हुआ था, जबकि दूसरा मामला नगर पालिका सभासद निशिकांत संगल की ओर से दर्ज कराया गया था।

पूरा मामला क्या है

गौरतलब है कि 6 जून को देवराज मलिक की शिकायत पर शहर कोतवाली में चांदनी कुरैशी समेत 11 लोगों के खिलाफ धर्मांतरण से जुड़ा मामला दर्ज किया गया था। इस केस में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

मामले की जांच अब एसआईटी को सौंप दी गई है, जिसमें एएचटीयू प्रभारी सहित कई टीमें शामिल हैं जो पूरे प्रकरण की जांच कर रही हैं।