केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार देर शाम रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने प्रोटोकॉल से हटते हुए वाहन से उतरकर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया और उनका अभिनंदन स्वीकार किया। गृह मंत्री से मुलाकात कर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।

एयरपोर्ट से वे सीधे होटल रवाना हुए, जहां रात्रि विश्राम के बाद आज, 10 जुलाई को, पूर्वी क्षेत्रीय राष्ट्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी।

बैठक की मेजबानी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें केंद्र सरकार की ओर से लगभग डेढ़ घंटे का प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोनों 10-10 मिनट का संबोधन देंगे।

इस बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा पहले ही रांची पहुंच चुके हैं, जिनका स्वागत झारखंड सरकार की ओर से कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया।

बैठक के दौरान चारों राज्यों के मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्य से जुड़े मुद्दे उठाएंगे, साथ ही साझा समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक स्थल और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।