रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के उमरिया गांव में औबेदुल्लागंज के दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में रेल कोच इकाई ‘ब्रह्मा’ का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बिना नाम लिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर टिप्पणी की।
राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ लोग भारत की तेज विकास रफ्तार से असहज हैं और चाहते हैं कि यहां बने उत्पाद अन्य देशों की वस्तुओं से महंगे हो जाएं, ताकि उनकी वैश्विक मांग घटे। लेकिन भारत इतनी तेजी से प्रगति कर रहा है कि अब कोई भी ताकत इसे विश्व शक्ति बनने से नहीं रोक सकती।
रक्षा निर्यात को लेकर उन्होंने बताया कि भारत अब 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक का रक्षा सामग्री निर्यात कर रहा है, जो नए भारत की मजबूती का प्रतीक है।
आतंकवाद के संदर्भ में राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि कर्म के आधार पर जवाब देता है। उन्होंने हनुमान जी और रावण की कथा का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे हनुमान जी ने केवल उन पर वार किया जिन्होंने हमला किया, वैसे ही भारत भी करता है।
मध्य प्रदेश की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ते हुए आने वाले समय में यह ‘मॉडर्न प्रदेश’ के नाम से पहचाना जाएगा। ‘ब्रह्मा’ नाम की रेल कोच इकाई अपने नाम के अनुरूप नई ऊंचाइयों को छूएगी, ऐसा उन्हें भरोसा है।