महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक गंभीर मामले के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। 180 नाबालिग लड़कियों से जुड़े यौन शोषण के आरोपी अयान तनवीर के घर पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
परतवाड़ा इलाके में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के घर के बाहर बनी लोहे की अवैध सीढ़ी को जेसीबी मशीन से हटाया गया, जो पहली मंजिल तक पहुंचने के लिए बनाई गई थी।
नगर परिषद ने की कार्रवाई, पहले दिया था नोटिस
अचलपुर नगर परिषद की टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। इससे पहले आरोपी के परिवार को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया गया था। कार्रवाई के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
19 वर्षीय आरोपी पर गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय मोहम्मद अयान को 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। उस पर आरोप है कि वह सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग लड़कियों को “लव ट्रैप” में फंसाकर उन्हें मुंबई और पुणे ले जाता था, जहां कथित तौर पर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने करीब 350 वीडियो तैयार किए, जिनका इस्तेमाल बाद में ब्लैकमेलिंग के लिए किया जाता था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सऐप और स्नैपचैट ग्रुप्स के जरिए वह नाबालिगों को निशाना बनाता था।
जांच और गिरफ्तारी
मामला सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद उजागर हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और डिजिटल डेटा की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह सामग्री किन-किन लोगों तक पहुंचाई गई थी।
इस मामले में अब तक तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें उजर खान का नाम भी शामिल है।
राजनीतिक कनेक्शन पर भी बयान
आरोपी के कथित राजनीतिक संबंधों को लेकर भी चर्चा रही है। हालांकि संबंधित राजनीतिक दल ने स्पष्ट किया है कि आरोपी का पार्टी से अब कोई संबंध नहीं है और उसे पहले ही संगठन से हटा दिया गया था।