मुंबई। लगातार हो रही भारी बारिश ने देश की आर्थिक राजधानी की रफ्तार थाम दी है। सोमवार को बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण मुंबई मोनोरेल मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास अचानक रुक गई। ट्रेन में एसी बंद होने से यात्री कई घंटों तक अंदर ही फंसे रहे। बाद में क्रेन और राहत दल की मदद से करीब 500 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
मुंबई के अतिरिक्त नगर आयुक्त अश्विनी जोशी ने बताया कि मोनोरेल में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और बिजली कनेक्शन टूटने के कारण ट्रेन बीच में ही अटक गई। मौके पर दमकल, पुलिस और बीएमसी की टीमें बचाव कार्य में जुटीं और देर रात तक ऑपरेशन जारी रहा।
महाराष्ट्र मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बयान जारी कर कहा कि फिलहाल वडाला और चेंबूर के बीच मोनोरेल का आंशिक संचालन किया जा रहा है और जल्द ही सेवा पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सभी यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और घटना की जांच कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।
महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी वर्षा और बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो चुकी है। नांदेड़ में बादल फटने के बाद आठ लोगों की जान गई, जबकि अलग-अलग हादसों में छह अन्य की मृत्यु हुई। कई जिलों में सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
बारिश के चलते रेल संचालन भी प्रभावित हुआ है। मध्य रेलवे ने सात जोड़ी ट्रेनें रद्द की हैं और कई ट्रेनों का रूट बदला गया है। सीएम फडणवीस ने कहा कि अगले 48 घंटे बेहद अहम हैं और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।