पंजाब-हरियाणा की सीमा स्थित पटियाला जिले के शंभू बॉर्डर पर एक बार फिर किसानों की हलचल तेज हो गई है। अमृतसर क्षेत्र से किसानों का एक बड़ा जत्था दिल्ली की ओर रवाना हो चुका है।

गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में चले किसान आंदोलन के दौरान पुलिस ने शंभू बॉर्डर से आंदोलनकारियों को हटाकर हाईवे को करीब एक साल बाद दुबारा सुचारू कराया था। उस समय पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर लगे किसानों के अस्थायी ढांचों को भी हटाया था। अब एक बार फिर किसान संगठनों ने शंभू बॉर्डर पहुंचकर दिल्ली की ओर मार्च करने की घोषणा की है।

राष्ट्रीय इंसाफ मोर्चा और अन्य किसान संगठनों ने शुक्रवार को शंभू बैरियर तक रोष मार्च निकालने का कार्यक्रम तय किया है। किसान नेता रणजीत सिंह सवाजपुर ने बताया कि जेलों में बंद बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर यह कूच किया जा रहा है। आंदोलन को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के साथ ट्रैफिक संबंधी एडवाइजरी भी जारी की है।

लाडोवाल टोल प्लाजा पर जुटेंगे दोआबा और माझा के किसान

दोआबा और माझा क्षेत्रों से आने वाले किसान लाडोवाल टोल प्लाजा पर एकत्र होकर शंभू बॉर्डर की ओर बढ़ेंगे, जहां से आगे दिल्ली मार्च शुरू किया जाएगा।