लुधियाना। शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक मां ने अपनी नवजात बेटी को पैसों के लिए बेचने की कोशिश की। पुलिस ने इस घिनौने रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक महिला डॉक्टर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला एक निजी नर्सिंग होम से शुरू हुआ, जहां बच्ची के जन्म के तुरंत बाद उसका सौदा तय किया गया।

थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने बच्ची की मां सुनीता रानी, खरीदार और डॉक्टर सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, थानेदार गुरमेल सिंह और उनकी टीम 15 फरवरी को इलाके में गश्त पर थे, तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि अरोड़ा नर्सिंग होम में 14 फरवरी को जन्मी बच्ची का सौदा 2 लाख 10 हजार रुपये में तय किया गया है। आरोपी पार्क के पास सौदे की रकम लेकर इकट्ठा हुए थे।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पार्क में छापेमारी की। मौके से बच्ची की मां सुनीता देवी, प्रवीण, बीएएमएस डॉ. मनमीत कौर, रुची और खरीदार मनदीप कौर को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सभी आरोपी मिलीभगत करके यह अपराध अंजाम दे रहे थे।

पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि क्या यह गिरोह पहले भी बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल रहा है। फिलहाल मासूम बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया गया है।