राजधानी जयपुर में एक निजी स्कूल में 16 साल की छात्रा से बार-बार रेप करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. रेप की इस वारदात को कोई और नहीं बल्कि स्कूल का डायरेक्टर ही अंजाम दे रहा था. वह कभी छुट्टी होने के बाद एक्स्ट्रा क्लास लेने के बहाने तो कभी क्लास में फेल करने की धमकियां देकर छात्रा से स्कूल में ही बार-बार रेप करता रहा.

विरोध करने पर हर बार वह उसे धमकाकर चुप करवा देता. छात्रा जब प्रेग्नेंट हो गई तो उसने डर के मारे स्कूल जाने से इंकार कर दिया. तब परिजनों को उनकी नाबालिग बेटी के साथ स्कूल में ही डायरेक्टर के द्वारा बलात्कार करने का पता चला.

छात्रा के साथ हुई दरिंदगी की सूचना पर परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई. पीड़िता की मां उसे लेकर मुहाना थाने पहुंची और स्कूल डायरेक्टर पुरुषोत्तम शर्मा के खिलाफ रेप और पोक्सो एक्ट में केस दर्ज करवाया. उसके बाद पुलिस ने तत्परता बरतते हुये आरोपी स्कूल डायरेक्टर पुरुषोत्तम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि पुरुषोत्तम शर्मा दो अलग अलग स्कूल चलाता है.

छात्रा गर्भवती हुई तो खुला मामला
मुहाना थाना पुलिस की गिरफ्त में आये पुरुषोत्तम शर्मा का जगन्नाथपुरा में एक निजी स्कूल है. वह खुद स्कूल में पढ़ाता भी है. पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि बीते दो महीने में उसने स्कूल की 16 वर्षीया छात्रा से चार-पांच बार रेप किया. इससे छात्रा गर्भवती हो गई. इससे स्कूल जाने से डरने लग गई और रोने लगी. तब मां ने प्यार से पूछा तो बच्ची ने स्कूल डायरेक्टर की दरिंदगी का सनसनीखेज खुलासा किया. इससे बच्ची के माता पिता भी सहम गए.

छात्रा को रोकने के लिये तरह-तरह के हथकंडे अपनाता था आरोपी
पीड़िता ने पुलिस को दिये बयानों में खुलासा किया कि आरोपी कभी गिफ्ट देकर और कभी परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर अकेले में बुलाकर स्कूल में ही रेप करता था. वह पीड़िता को एक्स्ट्रा क्लास के बहाने भी स्कूल की छुट्टी होने के बाद रोक लेता और रेप की वारदात को अंजाम देता था. बाद यह बात किसी को नहीं बताने के लिये धमकाता था.