अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुष्कर घाटी में लगभग 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों में पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 31 यात्री सवार थे, जो पुष्कर से पीसांगन क्षेत्र में एक पारिवारिक कार्यक्रम (मायरा) में शामिल होने जा रहे थे। यह हादसा पुष्कर से करीब तीन किलोमीटर पहले सांझी की छत के पास घाटी क्षेत्र में हुआ, जहां अचानक बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस सीधे खाई में जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर पुष्कर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल (जेएलएन) रेफर कर दिया गया।
मार्ग पर लगा लंबा जाम
इस दुर्घटना के कारण पुष्कर घाटी मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और राहत कार्य शुरू कराया।
प्रशासन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन तकनीकी खराबी या चालक की गलती जैसे सभी पहलुओं पर भी जांच जारी है।