जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में दो जापानी नागरिकों के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों पर्यटक नई दिल्ली से जयपुर आए थे और 7 फरवरी को एक होटल में ठहरे थे। अशोक नगर थाना प्रभारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि दोनों को लाने और ले जाने की जिम्मेदारी टैक्सी चालक को दी गई थी, जिसने बाद में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
रेस्टोरेंट जाने के बाद गायब हुए पर्यटक
एसएचओ के अनुसार, 7 फरवरी की रात टैक्सी चालक दोनों जापानी पर्यटक को अशोक नगर इलाके के एक रेस्टोरेंट तक ले गया। इसके बाद पर्यटक न तो टैक्सी में लौटे और न ही अपने होटल पहुंचे। चालक ने अगले दिन यानी 8 फरवरी तक उनका इंतजार किया, लेकिन कोई संपर्क नहीं होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने यह शिकायत सोमवार को दर्ज की।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अशोक नगर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही पर्यटकों के लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।