राजस्थान के भिवाड़ी स्थित चौपानगी औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों के विरोध प्रदर्शन ने तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। पथरेड़ी क्षेत्र की सुप्राजीत इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी के श्रमिकों ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर काम बंद कर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन बढ़ा, पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप
सुबह के समय शुरू हुआ यह आंदोलन धीरे-धीरे उग्र हो गया और कुछ श्रमिक मुख्य मार्ग पर आकर बैठ गए, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध बढ़ने पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया। वहीं, महिलाओं द्वारा हिरासत का विरोध किए जाने पर पुलिस और महिला श्रमिकों के बीच हल्की झड़प जैसी स्थिति बन गई।
मौके पर भारी पुलिस बल, वीडियो हुआ वायरल
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण माहौल देखा जा सकता है।
पुलिस का बयान
भिवाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू के अनुसार, कंपनी में केबल निर्माण का कार्य होता है और श्रमिक वेतन वृद्धि की मांग को लेकर अचानक धरने पर बैठ गए थे। बातचीत के प्रयास किए गए, लेकिन भीड़ बढ़ने से हालात नियंत्रण से बाहर होने लगे।
बातचीत से समाधान की कोशिश
स्थिति को नियंत्रित करने के बाद श्रमिक प्रतिनिधियों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है। प्रशासन का कहना है कि मामले को बातचीत के जरिए सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द समाधान की उम्मीद है।