गाजीपुर। गैंगस्टर एक्ट में आरोपी सांसद अफजाल अंसारी और पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की संपत्तियों पर शुक्रवार को कुर्की की कार्रवाई की गई। मुख्तार अंसारी का 25.11 लाख का मकान और अफजाल की 1.85 करोड़ की दो जमीन जब्त कर ली गई। पुलिस ने मुनादी कराने के बाद नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई पूरी की। 

डीएम कोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने शुक्रवार को अंसारी बंधुओं की संपत्ति पर कार्रवाई की। एसपी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि मुख्तार की पत्नी आफ्शां अंसारी पर दर्ज गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य मामले में फरार होने को लेकर कार्रवाई की गई। आफ्शां के फरार होने को लेकर जारी नोटिस के बाद उनके मकान को कुर्क किया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम दर्जी मुहल्ला यूसुफपुर में मुख्तार अंसारी के आवास पर पहुंची।

मुख्तार बे दो मंजिला मकान पर डुगडुगी बजवाकर कुर्की की कार्रवाई पूरी की। नोटिस चस्पा करने के बाद मकान को कोर्ट के आधीन कर दिया गया।  मुख्तार अंसारी ने मकान नंबर 130 का निर्माण 1990-91 में कराया था जिसकी सरकारी कीमत 25.11 लाख रुपये प्रशासन ने आंकी गई है। 

एसपी ने बताया कि मुख्तार का मकान कुर्क करने केाद पुलिस टीम नोनहरा थाना क्षेत्र के कठवामोड़ स्थित शक्करपुर गांव पहुंची। सांसद अफजाल अंसारी की दोनों बेटियों मारिया अंसारी एवं नूरिया अंसारी के नाम से खरीदी गई भूमि पर भी कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया।

डीएम के आदेश पर जारी कुर्की का नोटिस पढ़कर डुगडुगी बजाते हुए मुनादी भी कराई गई। दोनों जमीनों की कीमत 1.85 करोड़ आंकी गई है। पुलिसकर्मियों ने दोनों भूखंडों पर पर कुर्की का नोटिस भी चस्पा कर दिया है। बता दें कि मुख्तार अंसारी पर 58 केस दर्ज हैं और अफजाल पर सात केस विचारण में शामिल है।