बरेली। फरीदपुर टोल प्लाजा पर भाजपा विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल और टोल कर्मियों के बीच मंगलवार को विवाद हुआ। विधायक अपनी विधानसभा पास लगी कार से टोल पार कर रहे थे, लेकिन टोल बूथ पर बैठी महिला कर्मी ने उन्हें देर से गाड़ी निकालने दिया, जिससे विधायक नाराज हो गए और उन्होंने पुलिस बुला ली।

पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद टोल मैनेजर और अन्य कर्मचारियों ने माफी मांगी। विवाद के कारण टोल बूथ पर तैनात महिला कर्मी को हटा दिया गया। इसके अलावा, अवैध तरीके से यहां संचालित दुकानों के संचालकों को नोटिस जारी किया गया।

विधायक श्याम बिहारी लाल ने कहा कि टोल क्षेत्र में कुछ दुकानदारों ने टोल कर्मियों की मिलीभगत से सड़क पर दुकानें खोल रखी हैं, जिससे दुर्घटनाएं और हिंसा की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने बताया कि छह माह पहले एक व्यक्ति को गोली लगी थी, टेंपो चालक को दुकानदारों ने पीटा था और एक वर्ष पहले एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। विधायक ने कहा कि टोल प्रबंधन के खिलाफ शासन में शिकायत की जाएगी।

टोल मैनेजर पवन ने कहा कि विवाद के बाद कर्मचारी को टोल से हटा दिया गया और अवैध दुकानों को नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू की गई है।