उत्तर प्रदेश में शनिवार की सुबह तराई क्षेत्रों सहित कई जिलों में घने कोहरे का असर रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के 30 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को ठंडी पछुआ हवाओं के कारण अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से नीचे चला गया। बरेली और आगरा में सुबह दृश्यता शून्य तक पहुँच गई, जबकि अलीगढ़ और नजीबाबाद में यह 50 मीटर तक थी।
मौसम का पूर्वानुमान
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 31 जनवरी तक कोहरे में बढ़ोतरी की संभावना है और कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा रहने की संभावना है। फरवरी के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के असर से 1 से 3 फरवरी के बीच उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में 2–4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी और कोहरे से कुछ राहत मिलेगी। 4 फरवरी से तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।
शुक्रवार को बुलंदशहर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम था। वहीं आगरा में अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों की सूची:
कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं के आसपास के क्षेत्र।