बहराइच: सुजौली रेंज में भय फैलाने वाला आदमखोर तेंदुआ शुक्रवार को पिंजरे में कैद कर लिया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। अब इलाके में भय का माहौल कुछ हद तक कम हो गया है।


अयोध्यापुरवा गांव में 17 दिसंबर को यह तेंदुआ सात वर्षीय बालिका आलमीन पर हमला कर गन्ने के खेत में खींच ले गया था। खोजबीन के बाद बालिका का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था, जिसने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया था।


सुजौली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि वन दारोगा अनिल कुमार और वाचरों की टीम लगातार तेंदुए पर नजर रखे हुए थी। शुक्रवार भोर में कड़ी निगरानी और सतर्कता के बाद तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित रूप से कतर्नियाघाट रेंज कार्यालय पहुंचाया। प्रभागीय वनाधिकारी सूरज ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ मादा है और इसकी उम्र लगभग तीन से चार वर्ष अनुमानित है। चिकित्सकीय जांच में यह स्वस्थ पाया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार तेंदुए को जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया आगे चलकर पूरी की जाएगी।