उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में मंगलवार को औघड़ बाबा मेला देखने आए लोगों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना में संतराम (55) नामक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बसखारी ले जाया गया।
घटना जलालपुर थाना क्षेत्र के नर्सरी बाजार स्थित औघड़ बाबा स्थल की है, जहाँ मंगलवार को मेला लगता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर परिसर में लगे एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता था। अचानक छत्ते से मधुमक्खियों का झुंड उड़ पड़ा और पास खड़े लोगों पर हमला कर दिया। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
घायलों में जैतपुर के राजापुर कुठमा निवासी संतराम भी शामिल थे। चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी यशोदा देवी ने बताया कि दर्शन के दौरान उनके पति को मधुमक्खियों ने काट लिया था और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
एसओ सुनील पांडेय ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और अन्य घायलों का इलाज जारी है।