अयोध्या में रविवार शाम सरयू नदी से एक पुलिस उपनिरीक्षक का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। यह शव अयोध्या कोतवाली क्षेत्र और बस्ती जिले की सीमा के पास नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया। बाद में उसकी पहचान बस्ती के परशुरामपुर थाने में तैनात एसआई अजय गौड़ के रूप में हुई, जो बीते पांच फरवरी से लापता चल रहे थे।
नयाघाट से दशरथ समाधि की ओर निर्माणाधीन हाईवे के पास कुछ नाविकों ने नदी में शव उतराता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही कोतवाली और जल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तिहुरा माझा के पास रेस्क्यू कर शव को बाहर निकलवाया गया। पहचान होते ही इसकी जानकारी बस्ती पुलिस को भी दी गई।
मौके पर एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, कोतवाल पंकज सिंह और दर्शन नगर चौकी प्रभारी बृजभूषण पाठक समेत अन्य अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की। बताया गया कि अजय गौड़ वर्तमान में प्रभारी थानाध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे और संदिग्ध हालात में अचानक लापता हो गए थे। वे मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी बताए गए हैं।
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शव किस जिले की सीमा में मिला है। यदि शव बस्ती क्षेत्र में पाया गया होगा तो वहां की पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी, अन्यथा अयोध्या पुलिस पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करेगी। मामले की गहन जांच जारी है। अजय गौड़ वर्ष 2015 बैच के उपनिरीक्षक थे।