बिजनौर। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से 2022 के चुनाव में बसपा प्रत्याशी रहे हाजी जियाउद्दीन अंसारी ने शनिवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली, जहां सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों समर्थक भी मौजूद रहे।

सपा में शामिल होने के बाद हाजी जियाउद्दीन अंसारी ने कहा कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने इसे अपने राजनीतिक जीवन का नया अध्याय बताया।

हाजी जियाउद्दीन अंसारी का राजनीतिक सफर पहले बसपा से जुड़ा रहा है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें अमरोहा सीट से बसपा प्रत्याशी बनाया गया था, हालांकि बाद में उनका टिकट बदल दिया गया था। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में वे नूरपुर सीट से बसपा उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली और वे तीसरे स्थान पर रहे।