लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को गोसाईगंज में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लखनऊ में घुसपैठियों का कोई मामला नहीं है और इस जांच को भाजपा अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर लखनऊ में घुसपैठिया हैं, तो प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षामंत्री क्या कर रहे थे।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि गरीब और स्थानीय लोगों को इस प्रक्रिया के दौरान अपमानित और परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि यह सिर्फ पीडीए पर चल रही है और भाजपा संविधान के मूल अधिकारों का सम्मान नहीं कर रही।
अखिलेश यादव ने वाराणसी और अन्य प्रदेशों में नशीले सिरप के घोटाले का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि यह कांड 200 करोड़ रुपये से अधिक का है और इसमें पुलिस, प्रशासन और भाजपा के लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क का दायरा उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल, नेपाल, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका तक फैला था।
सपा अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर भाजपा सरकार वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ करती है, तो संविधान से मिले अधिकारों और आरक्षण की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने आम जनता से अपने वोट का अधिकार सुरक्षित रखने और इसे सुनिश्चित करने की अपील की।