बरेली। अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में कोतवाली पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। कुल छह आरोपियों में से दो शूटरों को पहले ही मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया था। चार आरोपियों में दो नाबालिग दिल्ली के बाल सुधार केंद्र में हैं और दो वयस्क आरोपी बरेली जिला जेल में बंद हैं।
यह घटना 11 और 12 सितंबर 2025 को चौपुला चौराहा स्थित दिशा पाटनी के आवास पर हुई थी। घर में दिशा के पिता रिटायर्ड सीओ जगदीश चंद्र पाटनी, मां और बहन खुशबू पाटनी रहती हैं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने फायरिंग का दावा किया था। उनका आरोप था कि कथावाचक और धार्मिक गुरुओं के अपमान को सहा नहीं जाएगा।
दो शूटर गाजियाबाद में ढेर
इस मामले को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया। पुलिस ने स्थानीय सीसीटीवी फुटेज और आरोपी के भागने की लोकेशन जुटाई और इसे एसटीएफ के साथ साझा किया। इसके बाद रोहतक के रविंद्र और सोनीपत के अरुण नामक दो शूटरों को गाजियाबाद में मुठभेड़ में ढेर किया गया।
बचे चार आरोपी गिरफ्तार
बरेली में दो अन्य शूटर रामनिवास (राजस्थान) और अनिल (सोनीपत) को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, दो नाबालिग आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।
कोतवाली पुलिस ने सभी चार आरोपियों के खिलाफ फायरिंग, रेकी और अन्य संबंधित धाराओं में चार्जशीट दाखिल की है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि नाबालिग आरोपियों के मामले अलग से बरेली जेजे कोर्ट में आगे सुनवाई के लिए भेजे जाएंगे।