लखनऊ। श्रीराम जन्म भूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की सेहत का हाल जानने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे। सीएम ने डॉक्टरों से आइसीयू में भर्ती महंत की हालत के बारे में जानकारी ली और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए।

महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बुधवार दोपहर अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें करीब तीन बजे मेदांता लाया गया था। उन्हें पेट की समस्या के कारण इमरजेंसी में प्राथमिक जांच के बाद ICU में भर्ती किया गया।

हॉस्पिटल निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने महंत की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। एक विशेष टीम की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। सीएम योगी ने महंत के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।