वृंदावन: श्रीराधावल्लभ मंदिर में बृहस्पतिवार को गुलाल की होली का पर्व धूमधाम से शुरू हुआ। फाल्गुन माह की शुक्ल पक्ष द्वितीया यानी फुलेरा दूज के दिन, ठाकुरजी ने कमर में गुलाल से फेंटा बांधकर भक्तों के साथ होली खेली। मंदिर परिसर में भक्तों की आस्था और उमंग के रंग चारों तरफ बिखर गए।
सेवायत गोस्वामी ठाकुरजी के कपोलों पर गुलाल चढ़ाते और प्रसाद स्वरूप गुलाल भक्तों पर बरसाते रहे, जिससे पूरा मंदिर जयकारों और रंगों से गुंजायमान हो गया।
सुबह करीब 8:15 बजे शृंगार आरती के बाद ठाकुर राधावल्लभ मंदिर के सेवायतों ने ठाकुरजी को होली खेलने के लिए तैयार किया। ठाकुरजी को सफेद पोशाक पहनाई गई और कमर में गुलाल से भरा फेंटा बांधा गया। इसके साथ ही उनके कपोलों पर भी गुलाल लगाया गया। भक्तों ने भी इस अवसर पर ठाकुरजी का प्रसाद स्वरूप गुलाल प्राप्त किया और मंदिर परिसर में रंगबिरंगी होली का आनंद लिया।
मंदिर में होली के गीतों और ढप की थाप के बीच भक्तों और सेवायतों ने उत्सव का आनंद लिया। समाज गायन में राकेश मुखिया ने बताया कि फुलेरा दूज से गुलाल की होली का पर्व शुरू हो गया है और ढप बजाने की परंपरा धुलेंडी तक जारी रहेगी।
सेवायत मोहित मराल गोस्वामी ने कहा कि इस अवसर पर ठाकुरजी की कमर में फेंटा बांधकर और कपोलों पर गुलाल लगाने की परंपरा से भक्तगण मंदिर में गुलाल से होली खेलने की शुरुआत का हिस्सा बनते हैं।