लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती को इस वर्ष कांग्रेस परिवर्तन दिवस के रूप में मनाने जा रही है। इस मौके पर बहुजन समाज से जुड़े मुद्दों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कांग्रेस पिछले कुछ समय से दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चला रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के जन्मदिन से ही पार्टी के पिछड़ा वर्ग विभाग की ओर से “परिवर्तन प्रतिज्ञा संवाद” और “संविधान चर्चा” जैसे अभियान शुरू किए गए हैं। इसके अलावा अल्पसंख्यक और अनुसूचित जाति विभाग भी अलग-अलग जिलों में कई कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
इसी कड़ी में कांग्रेस ने 13 मार्च को कांशीराम की जयंती को विशेष कार्यक्रम के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले इस आयोजन में “कांशीराम जयंती समारोह और बहुजन संवाद” कार्यक्रम रखा गया है।
कार्यक्रम में राहुल गांधी के अलावा कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। इनमें पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयसिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम सहित अन्य नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि कांशीराम ने दलितों और पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए पूरे देश में आंदोलन खड़ा किया था। उनका कहना है कि आज कांग्रेस उसी संघर्ष की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प ले रही है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी सामाजिक न्याय और समान अधिकारों के मुद्दों को फिर से मजबूती से उठाने का संदेश देगी। समारोह के दौरान राहुल गांधी प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को आगामी राजनीतिक संघर्ष के लिए संकल्प भी दिलाएंगे।