मुजफ्फरनगर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक ओर सपा पर निशाना साधा और दूसरे ओर किसानों पर डोरे डाले। उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणा-पत्र में किसानों को फसलों की सिचाई के लिए फ्री बिजली दी जाएगी। भाजपा राज में किसानों के लिए समृद्धि के द्वार खुले हैं, जबकि सपा और बसपा सरकार में किसानों की अनदेखी हुई।

महर्षि शुकदेव इंटर कालेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने सपा पर जमकर प्रहार किए। इसके साथ ही दंगों का जिक्र कर वोटों के ध्रुवीकरण का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ 60 प्रतिशत जनता है, जबकि विपक्षी दलों के साथ मात्र 40 फीसदी है। 40 फीसदी में भी बंटवारा हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार फिर से आ रही है। पांच साल में प्रदेश में तेजी से विकास हुआ है। महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान दिया गया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल से कौन प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, नहीं जानते। जनता से अपील है कि विपक्षी की जमानत रद होनी चाहिए। मुजफ्फरनगर में पहले चरण में मतदान है। 10 फरवरी को मतदान जरूर करें। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, प्रत्याशी प्रशांत चौधरी, जिला प्रभारी सतेंद्र सिसौदिया, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी, जिला उपाध्यक्ष अमित चौधरी, ब्लाक प्रमुख अनिल राठी, तेजपाल वर्मा, वीरपाल सहरावत, सतनाम नायक, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रामकुमार शर्मा, पिछड़ा आयोग के जगदीश पांचाल, पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल पंवार, मितलेश पाल, वंदना वर्मा आदि मौजूद रहे।