फतेहपुर: ललौली थाना क्षेत्र के मेवली मोड़ पर शुक्रवार देर रात लगभग 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने आ रही दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। चिकित्सकों के अनुसार मृतकों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जो उनकी मौत का मुख्य कारण बनीं।

पुलिस के अनुसार, सिधांव गांव निवासी 25 वर्षीय आकाश यादव अपने गांव के 28 वर्षीय सौरभ द्विवेदी और उमेश पाल के साथ एक निमंत्रण समारोह से बाइक द्वारा लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी दिशा से बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरई गांव निवासी 35 वर्षीय गजराज पाल उर्फ पिंटू भी बहुआ की ओर से एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर जा रहे थे। मेवली मोड़ पर दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे के बाद चारों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गाजीपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सौरभ द्विवेदी, गजराज पाल उर्फ पिंटू और आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमेश पाल को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बहुआ चौकी प्रभारी अंबरीश मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।